हैदराबाद के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से हराकर आठवीं बार एशिया कप जीत लिया। सिराज ने 21 रन देकर छह विकेट लेते हुए श्रीलंका को एशिया कप के सबसे कम स्कोर 50 रन पर ढेर कर दिया। श्रीलंकाई बल्लेबाज सिर्फ 92 गेंदें (15.2 ओवर) खेल पाए। जवाब में शुभमन गिल (27*) और ईशान किशन (23*) ने महज 6.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह एशिया कप इतिहास का सबसे एकतरफा फाइनल रहा, जिसमें विजेता टीम को 263 गेंद शेष रहते 10 विकेट से जीत मिली। भारत का यह एशिया कप का 10वां फाइनल था। श्रीलंका के साथ एशिया कप में यह उसका आठवां फाइनल था, जिसमें भारत को पांचवीं बार जीत मिली। सिराज ने पारी के चौथे और अपने दूसरे ओवर में चार विकेट लिए। वनडे में इससे पहले किसी भारतीय गेंदबाज ने ऐसा नहीं किया था। यही नहीं उन्होंने 16 गेंद के अंतराल में सबसे तेज पांच विकेट लेकर चमिंडा वास (श्रीलंका) के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। वास ने 2003 में बांग्लादेश के खिलाफ 16 गेंदों के अंदर पांच विकेट लिए थे।
एशिया कप 2023 में कुल सात शतक लगे। शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में बांग्लादेश के नजमुल शांतो, इफ्तिखार अहमद, विराट कोहली, केएल राहुल, बाबर आजम, मेहदी हसन मिराज, शुभमन गिल। शांतो ने इस संस्करण का सबसे पहला शतक लगाया था, जबकि सबसे ज्यादा तीन शतक भारतीय बल्लेबाजों ने लगाए। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शुभमन गिल शीर्ष पर रहे। उन्होंने छह मैचों में 302 रन बनाए। वहीं, श्रीलंका के कुसल मेंडिस छह मैचों में 270 रन के साथ दूसरे और श्रीलंका के सदीरा समरविक्रमा छह मैचों में 215 रन के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस साल एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के रोहित शर्मा ने लगाए। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 11 छक्के जड़े।