फरवरी प्यार का महीना है, इसलिए हर प्रेमी जोड़े को इस महीने का इंतजार सालभर रहता है। इस महीने में 7 फरवरी यानी कि रोज डे से वैलेंटाइन वीक की शुरुआत होती है, और इस हफ्ते का आखिरी दिन वैलेंटाइन डे होता है, जोकि 14 फरवरी को मनाया जाता है। इस पूरे हफ्ते लोग अपने पार्टनर के साथ समय व्यतीत करते हैं और उन्हें सरप्राइज देते हैं।यदि आप भी अपने पार्टनर के लिए कुछ खास करने का विचार कर रहे हैं तो उनके लिए बाजार से केक लाने की जगह घर पर ही खास केक तैयार करें। यहां हम आपको आसान विधि से बाजार जैसा रेड वेलवेट केक बनाने की विधि बताने जा रहे हैं। रेड वेलवेट केक लाल रंग का होता है, जो प्यार का इजहार करने के लिए परफेक्ट विकल्प है।
रेड वेलवेट केक बनाने का सामान
- मैदा: 2 ½ कप
- कोको पाउडर: 1 बड़ा चम्मच
- बेकिंग सोडा: 1 छोटा चम्मच
- नमक: ½ छोटा चम्मच
- चीनी: 1 ½ कप
- तेल: 1 कप
- दही: 1 कप
- लाल फूड कलर: 1 छोटा चम्मच
- वैनिला एसेंस: 1 छोटा चम्मच
- सिरका: 1 छोटा चम्मच
- दूध: ½ कप
विधि
रेड वेलवेट केक बनाने के लिए अपने ओवन को 180°C पर प्रीहीट करें। इसके साथ-साथ दिल के आकार वाले केक टिन को ग्रीस करके मैदा छिड़क लें। इसके बाद बारी आती है सूखी सामग्री मिलाने की। इसके लिए एक बर्तन में मैदा, कोको पाउडर, बेकिंग सोडा, और नमक मिलाएं। दूसरे बर्तन में चीनी और तेल को मिलाकर फेंटें। फिर इसमें दही, लाल फूड कलर, वैनिला एसेंस, सिरका, और दूध मिलाएं।
गीली और सूखी सामग्री को मिलाकर चिकना बैटर तैयार करें। तैयार बैटर को केक टिन में डालकर 180°C पर 30-35 मिनट तक बेक करें। ये केक टिन दिल के आकार का हो तो ज्यादा अच्छा रहेगा।
30 मिनट के बाद टूथपिक चेक से करें, कि केक बना है या नहीं। यदि टूथपिक साफ बाहर आ रही है तो केक तैयार है। केक के ठंडा होने पर क्रीम चीज की फ्रॉस्टिंग लगाएं। इसे आप ताजा स्ट्रॉबेरी से भी सजा सकती हैं।