लोकसभा चुनाव में सहयोग न करने वालों की बन रही सूची

Date: 2024-07-13
news-banner
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सहयोग नहीं करने वाले पार्टी नेताओं की सूची बन रही है। जल्द ही इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अनुशासन समिति को कई जगह गंभीर शिकायतें मिली हैं। पार्टी विधानसभा उपचुनाव को लेकर तैयार है।
पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रत्याशियों का जल्द चयन किया जाएगा। शुक्रवार को Nav Bharat Chetna से बातचीत में चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। पार्टी चुनाव में विकास, कानून और अन्य मुद्दों को लेकर उतरी थी।
जिसे मतदाताओं तक बेहतर तरीके से नहीं पहुंचा पाए। आरोप लगाया कि विपक्षियों ने नकारात्मक बात फैलाई, जिससे उन्हें कुछ सीटें मिल गईं। लोकसभा चुनाव के बाद कई जगहों पर भीतरघात समेत अन्य शिकायतें मिली हैं।

इस पर अनुशासनात्मक समिति जांच कर रही है। सभी शिकायतों पर पदाधिकारियों और अन्य से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। इसके बाद आलाकमान के साथ बैठक कर सहयोग नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर एक लोकतांत्रिक व्यवस्था है। इसी के तहत सभी फैसले लिए जाते हैं। 14 जुलाई को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। इसमें यूपी में मिली हार के कारणों की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।

बैठक में तीन हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, महामंत्री, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, सांसद, विधायक समेत अन्य भाग लेंगे।

कुंदरकी से मजबूत प्रत्याशी उतारेंगे  
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यूपी में कुंदरकी समेत दस विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इसके लिए पार्टी तैयार है। सभी क्षेत्रों की समीक्षा की जा रही है। बैठक के बाद प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। चुनाव की घोषणा होते ही उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर दिए जाएंगे।

पार्टी इस बार आमजन तक पहुंचने का प्रयास करेगी। लोगों के बीच सरकारों के कामकाज का लेखाजोखा बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। विपक्षियों की नकारात्मक चाल की काट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा सीट से मजबूत प्रत्याशी उतारा जाएगा।
संगीत और बालियान प्रकरण में होगी कार्रवाई
पश्चिमी यूपी के दो बड़े नेता संगीत सोम और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के टकराव पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दोनों के साथ पदाधिकारियों ने बैठक कर पूरे मामले में बात की है। संजीव बालियान की शिकायत की जांच की जा रही है। इस मामले को अनुशासनात्मक समिति गंभीरता से देख रही हैं। इस प्रकरण में कार्रवाई जरूर होगी।

Leave Your Comments